नारेड़ा | कस्बे के समीपवर्ती केदाहेड़ी गांव स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल के वर्षों पुराने और जर्जर भवन को आखिरकार शिक्षा विभाग के निर्देश पर जमींदोज कर दिया गया। भवन लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में पड़ा हुआ था, जिससे स्कूल परिसर में हादसे की आशंका बनी रहती थी। विभाग की ओर से भवन को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद उस पर नोटिस चस्पा किया गया था। स्कूल प्रशासन के अनुसार भवन की हालत लगातार बिगड़ रही थी। बारिश में दीवारों से प्लास्टर गिरने और छत में दरारें आने के कारण विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इसके बाद शिक्षा विभाग ने निरीक्षण कर भवन को अनुपयोगी मानते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए। निर्देश मिलने के बाद मजदूरों की सहायता से पुराने भवन को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा गया ताकि स्कूल परिसर में किसी तरह की दुर्घटना न हो। स्कूल की प्रधानाध्यापिका मंजूलता ममरोट ने बताया कि जमींदोज किए गए भवन से निकले मलबे का खुली बोली के माध्यम से निस्तारण किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया विभागीय नियमों के तहत पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नए भवन के बनने से विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। स्थानीय अभिभावकों ने भी पुराने भवन हटाए जाने पर संतोष जताते हुए जल्द नए भवन निर्माण की मांग की है।