डूंगरपुर| कृषि उपज मंडी माथुगामड़ा रोड की अव्यवस्थाओं को लेकर फल-सब्जी व्यापारी, किसान, महिला कृषकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सुधार की मांग की। उन्होंने बताया कि रोज सुबह 4 बजे से व्यापार शुरू होता है, लेकिन मंडी में अब भी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। व्यापारियों ने कहा कि शौचालयों की हालत खराब है। परिसर में गंदगी फैली है। पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परेशानी हो रही है। ज्ञापन में बताया कि लाइसेंसधारी, बिना लाइसेंस वाले लोग सड़क पर दुकानें लगा रहे हैं। वाहन भी सड़क पर खड़े कर रहे हैं। आवागमन बाधित हो रहा है। नीलामी चबूतरे पर अव्यवस्था बनी हुई है। महिला किसानों को बैठने में दिक्कत होती है। किसान-व्यापारियों ने नियमित सफाई अधूरे निर्माण कार्य पूरे करने,लाइट, पंखे लगाने और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।