सिवाना | उपखंड क्षेत्र के देवड़ा गांव के सुथारों की वास मोहल्ले में कई वर्षों से गंदे पानी के भराव की समस्या बनी हुई है। विकास के दावों के बीच गांव की बदहाल स्थिति प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। मोहल्ले की मुख्य गलियों में लंबे समय से गंदा पानी जमा है। कीचड़ फैला है। सड़ांध उठ रही है। लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। गंदे पानी के पड़े रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इंटरलॉकिंग खरंजा सड़क का निर्माण सही तरीके से नहीं हुआ। पानी की निकासी रुक गई। समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। स्थानीय निवासी हनुमान सुथार ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को समस्या बताई गई। अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से इंटरलॉकिंग सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करना पड़ेगा।