कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को एडीएम भुवनेश्वरसिंह चौहान की अध्यक्षता में विभागीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, वित्तीय व्यय और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा प्रस्तुत की। एडीएम चौहान ने राज्य स्तर पर लंबित प्रकरणों का नियमित फीडबैक लेने और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के त्वरित निस्तारण और व्यक्तिगत मॉनिटरिंग पर जोर दिया। संतुष्टि स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास करने को कहा। उन्होंने राज उन्नति कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एडीएम ने स्पष्ट किया कि 31 मार्च तक मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त सभी लंबित परिवादों का निस्तारण अगली बैठक से पहले अनिवार्य रूप से किया जाए। शिक्षा विभाग की समीक्षा में एडीएम ने नए शिक्षा सत्र के प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने कुल नामांकन में 21 प्रतिशत वृद्धि और बालिकाओं के नामांकन में 30 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए। इसके लिए जनजागरूकता गतिविधियां चलाने और स्कूल स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा। जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा में एडीएम ने कहा कि योजनाओं का लाभ आमजन तक सरल तरीके से पहुंचे। इसके लिए निरंतर निगरानी, विभागों के बीच समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। बैठक में सिणधरी उपखंड अधिकारी सर्वेश्वर निम्बार्क ने गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के तहत सिणधरी ब्लॉक में चल रहे कार्यों की प्रगति बताई। एडीएम ने संबंधित विभागों को तय मानदंडों के अनुसार गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण और प्राथमिकता वाली योजनाओं को समय सीमा में पूरा करने को कहा। बैठक में एसीईओ हीराराम कलबी, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता और सीएमएचओ वांकाराम चौधरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।