जम्मू-कश्मीर के खौर सेक्टर में ड्रोन को भारतीय सेना ने मार गिराया है। यह घटना चकला गांव के पास शुक्रवार को हुई। ड्रोन महत्वपूर्ण रक्षा ठिकानों के करीब मंडरा रहा था। सेना ने बताया कि यह ड्रोन चीन में बना है। इसे पाकिस्तान की ओर से भेजा गया। ड्रोन के साथ 64 जीबी माइक्रो एसडी कार्ड भी बरामद किया गया है। कार्ड में भारतीय सेना के संवेदनशील स्थानों के फुटेज मिले हैं। ड्रोन में हाई-रेजोल्यूशन कैमरा, जिम्बल और लेजर आधारित नेविगेशन सिस्टम लगा है। खौर सेक्टर लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC)के पास स्थित है। आज की अन्य बड़ी खबरें… PM-किसान योजना को 5 साल बढ़ाया, केंद्रीय कैबिनेट का फैसला PM नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में शुक्रवार को PM-किसान योजना को 2030-31 तक यानी 5 साल के लिए बढ़ा दिया गया। इसके लिए ₹3.15 लाख करोड़ मंजूर किए गए। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (PM-SSY) को मंजूरीनमिली इसमें ₹5,070 करोड़ की लागत से फ्लोटिंग सोलर परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। खेलो इंडिया योजना के नए स्वरूप को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी। इसके लिए करीब ₹36,441 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 'समुद्र मंथन' राष्ट्रीय अपतटीय तेल एवं गैस अन्वेषण योजना को मंजूरी, ₹84,084 करोड़ का निवेश। साउथ सिनेमा की दिग्गज गायिका जमुना रानी का निधन, 6000 से ज्यादा गाने गाए साउथ सिनेमा की मशहूर प्लेबैक सिंगर जमुना रानी का गुरुवार (30 जुलाई) को बेंगलुरु में निधन हो गया। वे 88 साल की थी। जमुना रानी ने तेलुगु, तमिल, कन्नड़,मलयालम और सिंहली भाषाओं में 6000 से ज्यादा गाना गाए हैं। जमुना रानी 1950 और 1960 के दशक की सबसे खास प्लेबैक कलाकारों में से एक रहीं। मुसलमानों में बहुविवाह को असंवैधानिक घोषित करने की याचिका, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से जवाब मांगा सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र से उस याचिका पर जवाब मांगा जिसमें मुसलमानों में बहुविवाह की प्रथा को असंवैधानिक घोषित करने की मांग की गई है। चीफ जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने महिला अधिकार कार्यकर्ताओं जकिया सोमन, नूरजहां सफिया नियाज और अन्य की ओर से दायर याचिका पर केंद्र को नोटिस जारी किया। बेंच ने इस याचिका को पहले से लंबित मामलों के साथ जोड़ दिया। पूर्व थलसेनाध्यक्ष जनरल विश्वनाथ शर्मा का निधन, चीन के साथ 1987 के सैन्य गतिरोध के दौरान अहम भूमिका निभाई पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल विश्वनाथ शर्मा का शुक्रवार को 96 साल की उम्र में निधन हो गया। जनरल शर्मा ने चीन के साथ 1987 के सैन्य गतिरोध के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 1 मई 1988 से 30 जून 1990 तक 14वें सेना प्रमुख के तौर पर सेवाएं दीं। 1950 में 16वीं लाइट कैवेलरी में कमीशन पाने वाले जनरल शर्मा, आजादी के बाद कमीशन पाने वाले पहले ऐसे अधिकारी थे जो सेना प्रमुख के पद तक पहुंचे थे। वे देश के पहले परमवीर चक्र विजेगा मेजर सोमवीर शर्मा के छोटे भाई थे। वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री कैलाश चंद्र पंत का भोपाल में निधन, बीमार थे हिंदी के वरिष्ठ साहित्यकार, पद्मश्री सम्मानित कैलाश चंद्र पंत का शुक्रवार को कार्डियक अरेस्ट से भोपाल में निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। उनकी प्रमुख कृतियों में 'कौन किसका आदमी', 'धुंध के आर-पार', 'शब्द का विचार-पथ' और 'शैलेश मटियानी : सृजन यात्रा' शामिल हैं। उन्हें साहित्य भूषण सम्मान, निराला साहित्य सम्मान, साहित्य शिरोमणि सम्मान और संस्कृति गौरव सम्मान जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी मिले। आवारा जानवरों की वजह से होने वाले हादसों में मुआवजे का सिस्टम बनाएं, सुप्रीम कोर्ट का निर्देश सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र और राज्य सरकारों को निर्देश दिया कि वे सड़कों पर आवारा जानवरों की वजह से होने वाले हादसों में मुआवजा देने के लिए एक सिस्टम बनाएं। जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच ने कई निर्देश जारी किए और कहा कि इन जानवरों के मालिकों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। कोर्ट ने सभी जानवरों की टैगिंग को अनिवार्य करने का आदेश दिया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जारी किया वीडियो, बोले- नकल पर सख्त कानून का वादा पूरा किया केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया X पर वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के साथ यह बात साझा करते हुए उन्हें खुशी और संतोष है। पीएम नरेंद्र मोदी ने संसद के इसी सत्र में परीक्षा में नकल और अन्य अनुचित साधनों के खिलाफ सख्त कानून लाने का वादा किया था। सरकार ने अपना यह वादा पूरा कर दिया है। नए कानून में सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून में सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। 2024 में स्वतंत्र भारत का पहला ऐसा कानून लागू किया गया था, जो प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि और युवाओं के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें, X बायो से BJP का जिक्र हटाया BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शुक्रवार को अपने X बायो को अपडेट किया और उसमें BJP का कोई जिक्र नहीं किया, जिससे यह अटकलें शुरू हो गईं कि उन्होंने शायद पार्टी छोड़ दी है। इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी क्योंकि पूनावाला की कोई टिप्पणी नहीं मिली है। पूनावाला ने अपने अपडेटेड बायो में यह लिखा- "धर्म-इस्लाम, संस्कृति-हिंदू, विचारधारा-भारतीय, लेखक- GST की यात्रा; PM नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी। उन्होंने X पर अपने अपडेटेड बायो का स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया। यह घटनाक्रम पूनावाला के BJP छोड़ने का संकेत देने के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का समय आ गया है। शुक्रवार को उन्होंने उन वीडियो को फिर से पोस्ट किया जिनमें उन्होंने अलग-अलग इंटरव्यू में ये बातें कही थीं। तस्लीमा नसरीन 19 साल बाद कोलकाता में, कल CM के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगी बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन शुक्रवार को नई दिल्ली से कोलकाता पहुंचीं। वे लगभग दो दशक बाद यहां लौटी हैं। तसलीमा को अपनी विवादित किताब 'द्विखंडितो' को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद कोलकाता छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा था। नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए इंतज़ार कर रहे लोगों का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और कहा, वापस आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। तसलीमा 1 अगस्त को होने वाले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और मशहूर लेखक शीर्षेंदु मुखोपाध्याय के शामिल होने की उम्मीद है। जम्मू पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे 5 आतंकी हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त की जम्मू पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे पांच आतंकी हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त की हैं। रियासी पुलिस ने माहौर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR की जांच के दौरान इन आतंकी हैंडलर्स की जानकारी मिली थी। जांच में सबूत मिले हैं कि पांचों आतंकी ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भाग गए थे और वहीं से आतंकी हैंडलर्स के तौर पर काम कर रहे हैं। यह भी पता चला कि वे इन संपत्तियों को बेचने की फिराक में थे। जिससे कि उससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों की फंडिंग में किया जा सके। महाराष्ट्र के भिवंडी में 4 मंजिला बिल्डिंग गिरी, एक की मौत; करीब 8 लोग मलबे में फंसे महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल लड़के को बचाकर अस्पताल भेजा गया। अभी भी 7 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। यह इमारत पहले से ही खतरनाक घोषित की गई थी और यहां मरम्मत का काम चल रहा था। एनडीआरएफ, दमकल और अन्य एजेंसियां राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। बेंगलुरु में ऑफिस छोड़ शराब पार्टी करने के आरोप में RDPR के नौ अधिकारी सस्पेंड कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले में कार्यालय समय के दौरान शराब पार्टी करने के आरोप में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज (RDPR) विभाग के 9 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर अधिकारियों के इस पार्टी की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया था। जांच में पता चला था कि ये अधिकारी 24 जुलाई को बिना पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश लिए ऑफिस से गायब हो गए थे। अधिकारियों के दफ्तर छोड़कर चले जाने से कई गांव वालों को जरूरी सेवाएं लिए बिना लौटना पड़ा था। दिल्ली का पालम अग्निकांड: मजिस्ट्रियल जांच में MCD-DFS की लापरवाही सामने आई, 9 की हुई थी मौत दिल्ली के पालम में 18 मार्च 2026 को हुए अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी गई है। जांच में MCD और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की गंभीर लापरवाही सामने आई है। इस हादसे में सात महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हुई, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हादसे के पीछे बिना परमिशन के लगाए गए ओवरहेड बिजली के तार और अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन भी अहम कारण रहे। जांच के अनुसार, आग लगने की सबसे संभावित वजह MCB बॉक्स के पास हुआ इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट है। लद्दाख के 23 धरोहर स्थल होंगे संरक्षित, LG वीके सक्सेना ने दी मंजूरी लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने केंद्र शासित प्रदेश के 23 धरोहर स्थलों को "संरक्षित स्मारक" घोषित करने की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है। यह फैसला जम्मू-कश्मीर प्राचीन स्मारक संरक्षण अधिनियम के तहत लिया गया है। इसका उद्देश्य लद्दाख की ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है।