स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते शहर के चिकित्सा संस्थानों की सुचारू मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। ऐसे में मरीज के पहुंचने से पहले ही यूपीएचसी केंद्र बंद मिले।डेपुटेशन का खेल तो इतना गंभीर बना है कि ग्रामीण इलाकों से कार्मिकों को जिला मुख्यालय लगा तो दिया है, लेकिन वे गायब हो गए। स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर खुद नहीं आते हैं, स्टाफ उठाकर समय से पहले ही ड्यूटी छोड़कर घर भाग जाते हैं। जूना किराडू मार्ग पर एक एएनएम व फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा है। महावीर नगर यूपीएचसी में आयुष के 3 डॉक्टरों की तैनाती के बावजूद ओपीडी का आंकड़ा बेहद कम है। वहीं, विष्णु कॉलोनी में लैब का उपयोग मरीजों की जांच के बजाय कर्मचारियों के चाय-नाश्ते के लिए हो रहा है। भास्कर टीम ने दोपहर 12:25 से 2:00 बजे के बीच शहर के 6 स्वास्थ्य केंद्रों की पड़ताल की, तो चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। कहीं ताले लटके मिले, तो कहीं पूरा सेंटर महज एक नर्सिंग स्टाफ के भरोसे चलते दिखे। शहर की 6 यूपीएचसी की अव्यवस्थाओं को उजागर करती भास्कर की लाइव रिपोर्ट 1. गांधी चौक यूपीएचसी: टीम दोपहर 12:25 बजे यूपीएचसी गांधी चौक पहुंची। यूपीएचसी में डॉक्टर व लैब टेक्नीशियन गायब दिखे। 3 नर्सिंग स्टाफ में से दो डेपुटेशन पर हैं। डॉक्टर सहित डेपुटेशन पर लगे 2 नर्सिंग स्टाफ ड्यूटी से नदारद मिले। 2. दोपहर 12:40 बजे पुलिस डिस्पेंसरी के ताले जड़े मिले। यहां जनता क्लीनिक का भी संचालन होता है। पुलिस कर्मियों ने बताया कि स्टाफ कम ही आता है और जल्दी ही चला जाता है। 3. दोपहर 12:56 महावीर नगर यूपीएचसी: 4 का नर्सिंग स्टाफ डेपुटेशन पर लगाया है। 2 स्थाई तो 2 यूटीबी कार्मिक हैं। 4 में से 1 नर्सिंग स्टाफ मरीज की जांच करते मिला। डॉक्टर सहित 3 का नर्सिंग स्टाफ ड्यूटी से नदारद रहा। ओपीडी में 20 मरीजों की जांच हुई। इसी में ब्लॉक आयुष कार्यालय संचालित हो रहा है। यहां 3 आयुर्वेद व एक होम्योपैथिक डॉक्टर की ड्यूटी लगा रखी है, जबकि ओपीडी महज 11 की है। 2 आयुर्वेद व एक होम्योपैथिक डॉक्टर ड्यूटी से नदारद मिला। 4. दोपहर 1:15 बजे विष्णु कॉलोनी यूपीएचसी: 13 के स्टाफ में से एक नर्सिंग स्टाफ मौजूद मिला। ओपीडी 42 रही। डॉक्टर, स्वीपर सहित सारा स्टाफ गायब रहा। 3 में 2 नर्सिंग स्टाफ व 1 फार्मासिस्ट डेपुटेशन पर लगाए गए हैं। 1 एलएचवी व 5 एएनएम की ड्यूटी है, लेकिन 1 एएनएम मखनी के अलावा सभी गायब मिलीं। 5. दोपहर 1:33 बजे ट्रक यूनियन यूपीएचसी: डॉक्टर सहित 1 नर्सिंग स्टाफ गायब रहा। ओपीडी में 31 मरीजों की जांच हुई। 2 नर्सिंग स्टाफ व 2 एएनएम डेपुटेशन पर लगाए गए हैं, लेकिन 3 गायब रहे। फार्मासिस्ट व दो नर्सिंग स्टाफ ड्यूटी पर मिले। 6. दोपहर 1:50 बजे जूना किराडू यूपीएचसी: एक एएनएम व एक फार्मासिस्ट के सिवाय सारा स्टाफ समय से पहले ही गायब हो चुका था। एएनएम अनम्मा व फार्मासिस्ट लूंबाराम ने बताया कि डॉक्टर अभी निकले हैं। “शहर की पीएचसी का निरीक्षण करवाया जाएगा। जो भी स्टाफ बिना अनुमति के अनुपस्थित मिला है, उन्हें नोटिस थमाकर वेतन काटा जाएगा। डेपुटेशन पर लगे कर्मियों को उनके मूल पदों पर भेजा जाएगा और उपस्थिति रजिस्टर सुबह 8 बजे ही मंगवाए जाएंगे।” - डॉ. विष्णुराम विश्नोई, सीएमएचओ बाड़मेर।