सीएम भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को राज्य की योजना और परियोजनाओं पर एक-एक अधिकारी से फीडबैक लिया। उन्होंने विभिन्न जिलों से एयर कनेक्टिविटी, बजट घोषणा के अनुरूप राजस्थान मंडपम पर अब तक की प्रगति सहित जयपुर नॉदर्न रिंग रोड, अमृत 2.0 प्रोजेक्ट, राइजिंग राजस्थान के एमओयू पर प्रगति सहित सभी कार्यों की जानकारी मांगी। सरकारी कार्यालयों में सरस पार्लर सीएम ने आरसीडीएफ की प्रगति सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा भी की। बैठक में ‘सरस’ ब्रांड के विस्तार के लिए सरस स्मार्ट, सरस कैफे एवं सरस सिग्नेचर प्लाजा जैसे आधुनिक आउटलेट्स स्थापित करने को भी कहा। राजकीय कार्यालयों की कैंटीन में राजीविका के माध्यम से सरस स्मार्ट पार्लर संचालित करने के साथ-साथ अस्पतालों, रोडवेज बस स्टैंडों, होटलों में स्मार्ट प्लाजा एवं पार्लर खोलने पर चर्चा हुई। राज उन्नति की बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट-योजनाओं पर अफसरों की क्लास ली एयर कनेक्टिविटी सरकार की प्राथमिकता: बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर एयर कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध करवाना प्राथमिकता में है। उन्होंने भरतपुर-डीग, सीकर-झुन्झुनूं, आबूरोड़, बांसवाड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की प्री-फिजिबिलिटी स्टडी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बीकानेर के नाल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को समय सीमा में एवं केन्द्र सरकार से समन्वय स्थापित करते हुए निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सिविल एयरपोर्ट विस्तार एवं विकास के लिए भूमि प्रत्यावर्तन के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। वन विभाग, राजस्व विभाग द्वारा भूमि का सीमांकन भी किया जा चुका है। राजस्थान मंडपम की कार्य योजना पर चर्चा मुख्यमंत्री ने जयपुर के टोंक रोड बी-2 बायपास पर 90 एकड़ भूमि पर बनने वाले राजस्थान मंडपम की प्रगति को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि उद्योग विभाग जेडीए, पीएचईडी और जयपुर कलेक्टर से समन्वय कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने राजस्थान मंडपम को टोंक रोड, जेएलएन मार्ग के साथ-साथ मुख्य मार्गों के साथ कनेक्टिविटी की संभावनाओं पर कार्य करने के लिए निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 के तहत विलम्ब हो रहे प्रोजेक्ट्स को लेकर नाराजगी जताई। मुख्य सचिव को अमृत 2.0 के संबंध में मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।