मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं कलेक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जैसलमेर जिले में ग्राम रथ अभियान का संचालन किया जा रहा है। ग्राम रथों का विभिन्न ग्राम पंचायतों में पारंपरिक तरीके से पूजा अर्चना के साथ स्वागत किया जा रहा है। बुधवार को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमरसागर, बरमसर, रुपसी, खाभिया व डेढ़ा में ग्राम रथों के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नवाचारों को एलईडी स्क्रीन पर वीडियो के जरिए प्रदर्शित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई गई। साथ ही लोक कलाकारों द्वारा कला जत्थों के जरिए आयोजित चौपालों ने अभियान में जीवंतता का संचार किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मनोरंजन के साथ योजनाओं का संदेश सहज रूप से जन जन तक पहुंचाया जा रहा है। कलेक्टर अनुपमा जोरवाल द्वारा ग्रामीण रथ के ग्राम पंचायतों के लिए जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को ग्राम पंचायत पिथला, सत्ता, धउआ, आकल व कीता में ग्राम रथ जाएगा एवं एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाएगा। इसी प्रकार 1 मई को ग्राम पंचायत नेतसी, रामगढ़, राउवा, रायमला व तेजपाला में ग्रामीण रथ पहुंचेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से दी जाएगी।