सवाई माधोपुर में ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलेक्टर काना राम भी साथ रहे। दोनों अधिकारियों ने शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं के बारे में विभागीय कर्मचारियों से चर्चा की। साथ ही उन्होंने कई लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। साथ ही मिली शिकायतों के विषय में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण कर शिकायतों के बारे में चर्चा की प्रभारी सचिव स्वर्णकार ने खिलचीपुर में पंचायत भवन और सिनोली में भारत निर्माण सेवा केन्द्र पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों और नगर परिषद परिसर में शहरी सेवा शिविर का दौरा किया। उन्होंने तीनों शिविरों में विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के बारे में विस्तार से चर्चा की। रजिस्टर में दर्ज विवरणों पर जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण का रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए। शत प्रतिशत निस्तारण के निर्देश दिए जिला कलेक्टर काना राम ने अधिकारियों से कहा- शिविरों में प्राप्त आवेदनों का उसी दिन शिविर समाप्ति तक शत-प्रतिशत निस्तारण करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा- सेवाओं के प्रदाय में पूरी पारदर्शिता रखें और इसके लिए सभी लाभार्थियों के नाम, पते का विवरण आवश्यक रूप से दर्ज करें। उन्होंने कहा- राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक रूप से सेवाएं प्रदान करना है। सेवा शिविरों के माध्यम से सभी कार्मिक इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए प्रयास करें। मंगला पशु बीमा पॉलिसी पत्रों का वितरण शिविर में सचिव स्वर्णकार और कलेक्टर ने राजस्व विभाग, पंचायतीराज एवं नगर परिषद द्वारा जारी भू-खण्ड पट्टों, सहमति से बंटवारे के स्वीकृति प्रमाण-पत्र सहित अन्य योजनाओं के लाभ पत्रक वितरित किए। कृषि विभाग की ओर से ग्रामीण सेवा शिविरों में बीज मिनीकिट और पशुपालन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा पॉलिसी पत्रों का वितरण किया गया। सचिव ने टी.बी. के मरीजों को हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से निक्षय किटों का भी वितरण किया। नगर परिषद के शहरी सेवा शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण राशि के चेक वितरित किए। ग्रामीण एवं सेवा शिविरों में वरिष्ठ अधिकारियों के अवलोकन के दौरान और एडीएम संजय शर्मा सहित कई विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।