दीपावली पर मिलावट और अवधिपार खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने नोहर में बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 714 लीटर सरसों का तेल और घी सीज किया। वहीं, अवधिपार मिली करीब 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक सहित जीरा, बिस्किट और मसालों के लगभग 200 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए। दल ने मिठाई, नमकीन, मावा, रसगुल्ला, तेल और घी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए। 280 लीटर तेल और 434 लीटर घी सीज जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में नोहर में मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से 280 लीटर सरसों का तेल (अनामिका ब्रांड) सीज किया गया। वहीं, मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से 434 लीटर घी (आनन्दा ब्रांड) सीज किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से जब्त कुल 714 लीटर खाद्य सामग्री को आगामी कार्रवाई तक बिक्री और उपयोग से प्रतिबंधित किया गया। मिठाई, नमकीन और मावा के लिए नमूने सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से सरसों के तेल, मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से घी, मैसर्स नवीन देसी घी से पालीवाल गोल्ड ब्रांड के घी और खुले घी के नमूने लिए। इसी प्रकार मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज से भुजिया (नमकीन) और सरसों के तेल, मैसर्स श्री चंदगीराम मिष्ठान भंडार से कलाकंद और बेसन बर्फी तथा मैसर्स श्री श्याम मावा भंडार से मीठा मावा और रसगुल्ला के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई होगी। 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक सहित 200 पैकेट नष्ट कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स दिनेश एजेंसी और मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। यहां अवधिपार मिली खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसमें करीब 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक के साथ जीरा, बिस्किट और विभिन्न मसालों के लगभग 200 पैकेट शामिल हैं। दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, निर्माण और बिक्री में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना करने के निर्देश दिए। खरीदारी से पहले एक्सपायरी डेट जांचने की अपील सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने और खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि जांचने का आग्रह किया। मिलावट या अनियमितता की आशंका होने पर विभाग को सूचना देने की अपील की गई। त्योहार के दौरान जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, अर्चना यादव, नोहर बीसीएमओ डॉ. मनजीत ढाका, गार्ड योगेश शर्मा और वाहन चालक गुरुशरण सिंह मौजूद रहे।