सीकर जिले के खाटूश्यामजी में रविवार को राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने बाबा श्याम के दरबार में पहुंच कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा श्याम की चौखट पर माथा टेककर धोक लगाई। डिप्टी सीएम दीया कुनारी ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में सेवक परिवार के प्रताप सिंह चौहान और नरेंद्र सिंह चौहान ने उपमुख्यमंत्री को श्याम बाबा का बागा ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने खाटूश्यामजी में स्वदेश दर्शन योजना के तहत 52 बीघा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, कथा पांडाल सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य क्वालिटी के साथ तय टाइम वैलिडिटी में पूरे किए जाएं। दीया कुमारी ने मीडिया से कहा कि आज विकास कार्यों की समीक्षा की गई है और जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए हैं। खाटूधाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। इस अवसर पर खंडेला विधायक सुभाष मील, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ आदि मौजूद रहे। इससे पहले डिप्टी सीएम दीया कुमारी एक होटल पहुंचीं, जहां प्रमोद शर्मा और हितांशु भारद्वाज ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता इंदिरा चौधरी गठाला भी मौजूद रहीं। दीया कुमारी ने कहा कि खाटूश्यामजी के आसपास के क्षेत्र को पर्यटन सर्किट के रुप में भी डवलप किया जाएगा।