राजस्थान हाईकोर्ट में डॉ. सोनदेव बंसल की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान उनके भाई और पिता के साथ अभद्रता के विरोध में आज प्राइवेट हॉस्पिटल संचालकों का कार्य बहिष्कार कमजोर रहा। पहले ही दिन जयपुर शहर के अधिकांश हॉस्पिटलों में ओपीडी, इमरजेंसी समेत अन्य सेवाएं जारी रही। इसे देखते हुए अब डॉक्टर्स के संगठन ने इस आंदोलन को मजबूती देने के लिए विशेष बैठक बुलाई। कार्य बहिष्कार की स्थिति देखे तो जयपुर के अधिकांश छोटे-बड़े प्राइवेट हॉस्पिटलों में आज ओपीडी, आईपीडी और इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रही। आंदोलन को कोई खास व्यापक असर आज जयपुर में देखने को नहीं मिला। इस स्थिति को देखते हुए जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल स्थित जयपुर मेडिकल एसोसिएशन (JMA) सभागार में संगठन पदाधिकारियों ने एक बैठक बुलाई। इस बैठक में JMA के अध्यक्ष डॉ. जगदीश मोदी, IMA राजस्थान स्टेट के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में आंदोलन का व्यापक असर कैसे दिखे और इसे और बड़ा कैसे किया जाए इस पर चर्चा हुई। साथ ही निविक हॉस्पिटल के डॉ. सोनदेव बंसल को जल्द न्याय कैसे मिले पर विचार-विमर्श किया। सेवाएं बंद रखने का निर्णय बरकरार सूत्रों के मुताबिक बैठक में फिलहाल सभी संगठन पदाधिकारियों ने जयपुर के प्राइवेट हॉस्पिटलों में चिकित्सा सेवाएं बंद ही रखने का निर्णय किया है। साथ ही इसका व्यापाक असर दिखे इसके लिए हॉस्पिटल संचालकों से भी बात करने और उनसे कार्य बहिष्कार में शामिल होने की अपील की जाएगी।