डीडवाना में डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी की उपखंड स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष बुद्धाराम गरवा के सभापतित्व और अध्यक्ष उगमचंद मंडावरिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वर्ष 2026 के प्रतिभा सम्मान समारोह पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें आगामी 9 अगस्त 2026 (रविवार) को 10वां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सोसाइटी के सचिव अशोक रोहलन ने बताया कि यह संस्था का 10वां प्रतिभा सम्मान समारोह होगा। सोसाइटी हर साल अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित करती है। इस समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित उम्मीदवारों, NET, JRF, PhD, NEET, JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। बैठक के दौरान प्रतिभा सम्मान समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। साथ ही, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर उमाराम कटारिया, गुमानाराम खारड़िया, भवादिया सरपंच गोमाराम मण्डावत, मेघवाल समाज डीडवाना के अध्यक्ष गोमाराम पंवार, पंकज लौरा, हरिशंकर खाटवा, रुघाराम सेवा, रघुनाथ प्रसाद सांभरिया, प्रेमाराम जाजोरिया, दुलाराम मुसलपुरिया, छीतरमल आसेरी, बालुराम भवादिया और छीतरराम सहित सोसाइटी के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।