जिले के लोगों के लिए जरूरी खबर है। नागौर लिफ्ट पेयजल परियोजना के प्रथम चरण के तहत गुरुवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक यानी कुल 6 घंटे के लिए पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी।देशनोक स्थित मुख्य पंप हाउस पर जरूरी रखरखाव (मेंटेनेंस) का काम किया जाएगा। शटडाउन के कारण नागौर, खींवसर, मूंडवा, कुचेरा, मेड़ता सिटी, गोटन, रियां बड़ी और पादूकलां समेत करीब 15 प्रमुख शहरों और उनसे जुड़े सैकड़ों ग्रामीण इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होगी। जलदाय विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अलाय, गोगेलाव, पांचौड़ी, भेड़, गागुड़ा, संखवास और आसपास के अन्य गांवों के पंप हाउसों को भी पानी की सप्लाई नहीं मिल पाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छह घंटे का यह शटडाउन केवल तकनीकी मरम्मत और पाइपलाइन के सुचारू संचालन के लिए जरूरी है। दोपहर 2 बजे के बाद काम पूरा होते ही जलापूर्ति धीरे-धीरे बहाल कर दी जाएगी। हालांकि, मरम्मत के इस कार्य से अगले एक-दो दिन तक जलापूर्ति का शेड्यूल थोड़ा लड़खड़ा सकता है।