शहर के अटल बंध थाना क्षेत्र स्थित हीरादास चौराहे के पास प्राइवेट बस स्टैंड पर एक व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शव बस स्टैंड के कोने में खड़ी एक खराब बस के भीतर फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद पूरे बस स्टैंड परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार निजी बस स्टैंड के कोने में एक बस काफी समय से खराब हालत में खड़ी थी। शुक्रवार को जब कुछ लोग उस बस के करीब पहुंचे, तो उन्हें बस के भीतर एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अटल बंध थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस के भीतर जाकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया और तलाशी ली। मृतक की पहचान रामवतार के रूप में हुई है, जो डीग जिले के सामई खेड़ा गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि रामवतार लंबे समय से निजी बसों में चालक (ड्राइवर) के रूप में कार्य करता था और बस स्टैंड पर उसका आना-जाना बना रहता था। शराब की लत की वजह से छूटी थी रोडवेज की नौकरी मृतक पहले रोडवेज के ब्यावर डिपो में सरकारी ड्राइवर के पद पर तैनात था, लेकिन शराब की लत के चलते करीब 15 साल पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। इसके बाद वह निजी बसें चलाने लगा था। परिजनों के अनुसार, मृतक पिछले कुछ समय से बीमार भी था। घटना से दो दिन पहले वह एक बारात लेकर महुआ गया था, जहाँ अत्यधिक शराब पीने के कारण वह गाड़ी वापस लाने की स्थिति में नहीं था और वहीं सो गया था। चर्चा है कि वहां बारात में कुछ मारपीट भी हुई थी।