फलोदी जिले के बाप थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस और डीएसटी टीम ने अवैध हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। एसपी सतनाम सिंह ने बताया-कार्रवाई शनिवार दोपहर 3 बजे की गई। टीम को सूचना मिली कि बाप थाना क्षेत्र के चूहड़ों की बस्ती (भड़ला) निवासी मौलाबक्श एक झोपड़ीं में अवैध हथियार बनाता है। सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने दबिश दी। इस दौरान आरोपी मौलाबक्श दबिश की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान टीम ने मौके से 5 टोपीदार बंदूक, 1 देशी कट्टा और बड़ी मात्रा में हथियार बनाने का सामान और औजार जब्त कर लिए। अवैध फैक्ट्री चलाने वाले के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने बताया-मौके पर मिले सामान से ऐसा लगता है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध काम को कर रहा था। फिलहाल अवैध हथियारों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसकी तलाशी के लिए टीम दबिश दे रही हैं। टोपीदार बंदूक के साथ एक अन्य आरोपी गिरफ्तार एसपी ने बताया-थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई करते हुए बाप पुलिस ने शकूर खां निवासी भड़ला के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक, 5 छर्रे और 5 सीसा टोपी बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में ये रहे शामिल इस कार्रवाई में थानाधिकारी बाप रमेश ढाका (सीआई), डीएसटी प्रभारी प्रदीप एएसआई, पूनाराम एएसआई, हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र उज्जवल, कॉन्स्टेबल चौखाराम (विशेष भूमिका), रामेश्वर, प्रताप सिंह, गंगाराम, महेंद्रराम के साथ थाना बाप के कॉन्स्टेबल मनोज, ओमप्रकाश, बलवीर सिंह, रामकुमार और चालक रमेशचंद्र शामिल रहे। पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक फलोदी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। … यह खबर भी पढ़ें किशनगढ़ में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़:पंचर की दुकान में बन रहे थे देशी कट्टे, यू-ट्यूब से बनाना सीखा, आरोपी गिरफ्तार बाड़ी में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी:देसी कट्टा और बंदूक बनाने का सामान जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार