पुलिस थाना धनूरी और डीएसटी (DST) टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ईऑन कार से 522 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पंकज कुमार को गिरफ्तार कर उसकी कार भी जब्त कर ली है। इनपुट के आधार पर की थी नाकाबंदी डीएसटी प्रभारी हेमराज सिंह को एक गुप्त सूचना मिली थी कि हमीरीकलां की ओर से एक सफेद रंग की ईऑन कार (नंबर RJ 18 CB 8683) आ रही है, जिसमें भारी मात्रा में नशीला पदार्थ हो सकता है। सूचना मिलते ही धनूरी थाना इंचार्ज शेरसिंह और डीएसटी प्रभारी ने टीम गठित की और ईशरपुरा जोहड़ के पास सड़क पर नाकाबंदी शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान जब हमीरीकलां की तरफ से संदिग्ध कार आती दिखी, तो पुलिस ने उसे रुकवाया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 522 ग्राम अफीम बरामद हुई। लाइसेंस मांगा तो जवाब नहीं दे पाया जब कार चालक पंकज कुमार से अफीम रखने के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत आरोपी पंकज कुमार (27 वर्ष) निवासी भूरासर का बास, थाना सदर झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में डीएसटी झुंझुनूं के कांस्टेबल अमित मोठसरा और हेड कांस्टेबल दिनेश की विशेष भूमिका रही। उनकी सटीक सूचना ही इस कार्रवाई का आधार बनी।