चौमहला| कस्बे सहित क्षेत्र में मंगलवार रात अच्छी बारिश हुई। खाल-नालों में पानी बह निकला। समीपी मध्यप्रदेश के ऊपरी क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई। इससे छोटी कालीसिंध नदी में पानी की अच्छी आवक हुई। नदी में आए पानी से चौमहला-रावतपुरा मार्ग पर छोटी कालीसिंध नदी की रावतपुरा रपट पर पानी आ गया। रावतपुरा साकरिया होकर सुवासरा जाने का मार्ग बंद हो गया। रपट पर बुधवार सुबह करीब 6 बजे पानी आया। शाम 4 बजे तक बना रहा। इस दौरान रपट पर करीब डेढ़ फीट पानी बहता रहा। मार्ग बंद होने से राहगीरों व वाहन चालकों को गंगधार होकर सुवासरा जाना पड़ा। तहसील सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में 33 एमएम बारिश दर्ज की गई। भास्कर न्यूज |झालावाड़ जिले में बुधवार को मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली। दोपहर बाद हुई बारिश ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। सबसे अधिक 20 एमएम बारिश अकलेरा में दर्ज की गई। इसके अलावा मनोहरथाना में 17 एमएम, झालावाड़ और झालरापाटन में 12-12 एमएम वर्षा रिकॉर्ड हुई। बकानी और पचपहाड़ क्षेत्र में भी रिमझिम बारिश होने से खेतों में पानी पहुंचा और किसानों के चेहरे खिल उठे। दो दिन बारिश का अलर्ट, 11 से मानसून होगा धीमा मौसम विभाग ने आगामी दो दिन तो तेज बारिश की संभावना जताई है, लेकिन 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कमी होना बताया है। 11 जुलाई से एक सप्ताह बारिश की गतिविधियों में कमी होगी।