भास्कर न्यूज़ | भीलवाड़ा जिले में अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बजरी से भरे एक डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नियमित गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल सुनील यादव थाना क्षेत्र के जोधडास चौराहे पर जाप्ते के साथ मौजूद थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे डंपर को रोककर जांच की गई तो वह बजरी से भरा मिला। पूछताछ में चालक ने अपना नाम हरफूल पुत्र नानूराम गुर्जर, निवासी महुआखुर्द, बनेड़ा बताया। पुलिस ने बजरी परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस और परमिट पेश करने के लिए कहा, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बजरी से भरे डंपर को जब्त किया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।