डूंगरपुर जिले में धंबोला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भचड़िया के मांडवा गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से घर के आंगन में खेल रहे 2 मासूम बच्चे झुलस गए। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए रेफर कर दिया। जिस पर परिजन गुजरात के मोडासा लेकर गए। जबकि दूसरे बच्चे का इलाज जारी है। दोनों बच्चे चचेरे भाई है। गुरुवार शाम के समय सीमलवाड़ा समेत आसपास के क्षेत्र में मौसम अचानक बदला और हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान मांडवा गांव में तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उस समय घर के आंगन में खेल रहे राजदीप (12) पुत्र बाबूलाल डामोर और हर्षित (8) पुत्र रामलाल डामोर इसकी चपेट में आ गए। परिजनों में मची चीख-पुकार ग्राम पंचायत भचड़िया के सरपंच पवन सिंह डामोर ने बताया कि बिजली गिरते ही दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को पीठ कस्बे के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद राजदीप की हालत अधिक गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे गुजरात के मोडासा लेकर गए। जबकि हर्षित का इलाज अस्पताल में जारी है। आज भी बारिश का येलो अलर्ट इधर मौसम विभाग की ओर से डूंगरपुर जिले में आज भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में जिले में आज अच्छी बारिश की उम्मीद है।