डूंगरपुर जिले में मानसून की देरी से हुई बारिश के बाद किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर दी है। कृषि विभाग ने इस बार जिले में कुल 1 लाख 28 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई का लक्ष्य रखा है, जिसमें मक्का और सोयाबीन प्रमुख फसलें हैं। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक दलीप सिंह ने बताया कि जिले की सबसे प्रमुख फसल मक्का की बुवाई 55,000 हेक्टेयर क्षेत्र में करने का लक्ष्य है। इसके बाद सोयाबीन की बुवाई 45,000 हेक्टेयर क्षेत्र में की जाएगी। इस बार देरी से शुरू हुई बुवाई जिले के जलभराव और सिंचित क्षेत्रों को देखते हुए 16,000 हेक्टेयर में धान की फसल का लक्ष्य है, जबकि दलहन के अंतर्गत उड़द की बुवाई का लक्ष्य 8,000 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। सिंह ने बताया कि मानसून की बारिश देरी से आने के कारण इस बार बुवाई देर से शुरू हुई है। खाद का पर्याप्त भंडारण किसानों को बुवाई के दौरान खाद की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए विभाग ने पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया है। संयुक्त निदेशक दलीप सिंह के अनुसार डूंगरपुर जिले में यूरिया खाद की 5 हजार मीट्रिक टन की मांग के मुकाबले 3500 मीट्रिक टन उपलब्ध है। वहीं डीएपी की 500 मीट्रिक टन की मांग के मुकाबले 390 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है।