डूंगरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला विशेष टीम ने 15.33 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जिला विशेष टीम को दोवड़ा थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, दो युवक दोवड़ा हवाई पट्टी के पास मादक पदार्थ बेच रहे थे। सूचना पर थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार और डीएसटी प्रभारी मदनलाल के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे। टीम ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास एक हरे रंग की प्लास्टिक थैली में अखबार में लिपटा भूरे रंग का मादक पदार्थ मिला। जांच में यह ब्राउन शुगर पाया गया, जिसका वजन इलेक्ट्रॉनिक कांटे से करने पर 15.33 ग्राम निकला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दोवड़ा थाना क्षेत्र के भाटड़ा निवासी सुरेश पुत्र नारायण परमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।