डूंगरपुर में शनिवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन, 4 वर्षीय भांजा और एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। देवल निवासी मगन अपनी बहन बबिता (चक महुडी निवासी), 4 वर्षीय भांजे अविनाश और युवती रेणुका के साथ देवल क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद चक महुडी लौट रहे थे। शादी से लौट रहे थे बाइक सवार रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक बेकाबू कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फरार कार ड्राइवर की तलाश जारी डॉक्टरों ने जांच के बाद मगन को मृत घोषित कर दिया। उसकी बहन बबिता, भांजे अविनाश और युवती रेणुका का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस फिलहाल कार ड्राइवर की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।