डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में तीजवड स्कूल के पास दो बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में मनपुर निवासी छगनलाल की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक का सवार घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर थाने के एसआई महेश ने बताया कि छगनलाल के चाचा नाथा कटारा ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के मुताबिक छगनलाल घर से सामान लेने बाइक पर डूंगरपुर गया था। सामान लेकर लौटते समय डूंगरपुर जाने वाली सड़क पर तीज स्कूल के पास आसपुर की तरफ से तेज रफ्तार बाइक गलत दिशा में आई और छगनलाल की बाइक को टक्कर मार दी। छगनलाल बाइक समेत नीचे गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। दूसरी बाइक का सवार भी घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को दूसरे वाहन से जनरल हॉस्पिटल डूंगरपुर ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद छगनलाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।