डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पाडवा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सागवाड़ा थाने के एएसआई लक्ष्मीलाल ने बताया कि लापिया निवासी प्रकाश अपनी बहन के घर से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। पाडवा गांव के पास चौराहे पर एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और मोटरसाइकिल को जब्त कर पाड़वा चौकी में खड़ा करवाया। इसके बाद शव को सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।