डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में बालदिया के पास शनिवार रात एक सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने अचानक ब्रेक लगाए और पीछे से आ रही बाइक उससे टकरा गई। बिछीवाड़ा थाने के एएसआई शिशुपाल सिंह ने बताया कि खापरडा निवासी सतीश रोत ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उसका छोटा भाई 22 वर्षीय कृष्णा अपने 20 वर्षीय दोस्त साहिल और 18 वर्षीय युवराज के साथ बाइक पर डूंगरपुर से बिछीवाड़ा की ओर जा रहे थे। अचानक ब्रेक लगाने से ट्रॉले से टकराई बाइक रात करीब 10 बजे जब वे बालदिया गांव के पास पहुंचे, तो उनके आगे चल रहे ट्रॉले के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बिना किसी संकेत के अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। रफ्तार धीमी होने के बावजूद, अचानक ब्रेक लगने से बाइक ट्रॉले से जा टकराई। दोनों दोस्तों ने मौके पर ही तोड़ा दम टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्णा और साहिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पीछे बैठा युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल डूंगरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवराज को उदयपुर रेफर कर दिया गया। मृतकों के परिजन जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे, जहां पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए। पुलिस ने ट्रॉला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।