डूंगरपुर में 'ऑपरेशन स्वच्छता' के तहत 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) और कोतवाली थाना पुलिस ने उनके पास से 3.793 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। तस्करी में इस्तेमाल की गई इनोवा कार भी जब्त कर ली गई है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, डीएसटी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बांसवाड़ा की ओर से एक इनोवा कार में 2 व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर डूंगरपुर शहर आ रहे हैं। इस सूचना पर कोतवाली थाना और डीएसटी प्रभारी मोहनपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने नाकाबंदी की। संदिग्ध इनोवा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक प्लास्टिक की थैली में 3.793 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। पुलिस ने गौरव पुत्र कालूराम आमलिया (निवासी न्यू कॉलोनी, डूंगरपुर) और संजय उर्फ काली पुत्र जीवा बरंडा (निवासी सियालदरी, थाना कोतवाली, डूंगरपुर) को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संजय उर्फ काली के खिलाफ पहले से 2 मामले दर्ज हैं, जबकि गौरव के खिलाफ 5 केस दर्ज हैं।