डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के गामड़ी देवल गांव में एक महिला और उसकी सास के साथ बेरहमी से मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। यह घटना पुराने जमीनी विवाद और अश्लील टिप्पणियों का विरोध करने के बाद हुई थी, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सदर थाने के एसआई रमेश चंद्र ने बताया कि 25 अप्रैल को गामड़ी देवल निवासी बाल कन्या भट्ट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि उनके पड़ोसी रमेश भट्ट और उसके 2 बेटे हितेश व प्रीतेश ने उनके और उनकी बहू के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। मारपीट का वीडियो आया था सामने मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें रमेश और उसके दोनों बेटे महिलाओं के साथ मारपीट करते दिख रहे थे। आरोपियों ने महिला के बाल खींचकर उसे जमीन पर घसीटा था। वीडियो में एक आरोपी महिला के ऊपर बैठकर उसे पीटता हुआ भी नजर आ रहा था। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।