डूंगरपुर में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके पहले चरण में घरों की गणना की जाएगी। इस कार्य के लिए नियुक्त कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला स्तर पर 53 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैचों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। पहले बैच का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे बैच को 20 से 22 अप्रैल तक ट्रेनिंग दी जाएगी। जिला कलेक्टर देशल दान ने जनगणना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश में कई कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में सहायक होंगे। इन आंकड़ों के आधार पर संसद, विधानसभा, पंचायत और अन्य स्थानीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन भी किया जाता है। कलेक्टर ने फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित सभी तकनीकी और व्यावहारिक जानकारियों को अच्छी तरह समझाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे 1 से 15 मई तक होने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण को भी सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा। कलेक्टर ने जनगणना के आंकड़ों की पूर्ण शुद्धता की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत स्वगणना 1 से 15 मई तक चलेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक फील्ड कार्य किया जाएगा। इस चरण में लोगों की बस्तियों की स्थिति, आवासीय कमी, उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे, जो आवास नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होंगे। प्रशिक्षण सत्र में वैभव पाठक और दुष्यंत शर्मा ने तकनीकी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर उप जिला जनगणना अधिकारी अमित शर्मा सहित कई अन्य कार्मिक मौजूद रहे।