डूंगरपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन कांग्रेस समर्थित पार्षदों और उनके परिवार वालों पर दबाव बना रहा है। पार्टी का आरोप है कि पार्षदों को भाजपा खेमे में शामिल होने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। PCC प्रवक्ता की अगुवाई में एसपी ऑफिस पहुंचे कांग्रेसी पीसीसी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. शंकर यादव की अगुवाई में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदर्शन कर पुलिस और प्रशासन की कथित कार्रवाई के खिलाफ नाराजगी जताई। इसके बाद एसपी को ज्ञापन सौंपकर शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की गई। चुनाव नतीजों के बाद दबाव बनाने का आरोप डॉ. शंकर यादव ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद से कांग्रेस के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं। इनमें आरोप लगाया गया है कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन कांग्रेस समर्थित पार्षदों पर दबाव बना रहा है। कांग्रेस का कहना है कि इस दबाव का उद्देश्य पार्षदों को भाजपा में शामिल कराना है। ‘जनप्रतिनिधियों को अपनी मर्जी से काम करने का अधिकार’ डॉ. यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हर निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अपनी इच्छा और संवैधानिक अधिकारों के अनुसार काम करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस या प्रशासन की गलत कार्रवाई, धमकी और दबाव के जरिए जनप्रतिनिधियों को प्रभावित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग की कांग्रेस की ओर से एसपी को दिए गए ज्ञापन में पार्षदों और उनके परिवारों को कथित रूप से परेशान किए जाने की शिकायतों पर तुरंत ध्यान देने की मांग की गई। साथ ही सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग रखी गई।