डूंगरपुर में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा दल ने दुकानों का निरीक्षण किया। अब तक मिठाई, मावा, दूध, मसाले, तेल और घी समेत खाद्य पदार्थों के 54 नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बांसवाड़ा भेजे गए हैं। करीब 115 किलो दूषित और एक्सपायरी सामग्री भी नष्ट करवाई गई। सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि दीपावली पर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ती है। मिलावट की आशंका के चलते नमूने लिए गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी। निरीक्षण में साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस दिए गए। नष्ट की गई सामग्री में करीब 115 किलो मावा, मिठाई, सूजी, चिप्स और पेय पदार्थ शामिल थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मिठाई बनाने वालों और दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और खाद्य लाइसेंस दिखाने के निर्देश दिए। डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि दीपावली तक अभियान जारी रहेगा। मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों आसिमदीन, राकेश पुष्करना और राहुल परमार ने मिलकर की।