डूंगरपुर के आर्थोपेडिक डॉक्टर अनिल बनवीर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे डॉक्टर पत्नी के साथ घूमने गए हुए थे। डॉ. अनिल बनवीर (75) और उनकी पत्नी डॉ. निशा बनवीर 9 जुलाई को विदेश गए थे। 14 जुलाई को अमेरिका से मेक्सिको जाते समय क्रूज में उनकी तबीयत बिगड़ी और थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया। डॉ. अनिल बनवीर डूंगरपुर जिला अस्पताल और फिर सागवाड़ा अस्पताल में पोस्टेड रहे। वे प्रमुख चिकित्सा अधिकारी भी रहे। 13 साल पहले रिटायरमेंट के बाद भी वे निजी अस्पताल में मरीजों को देख रहे थे। बेटा-बहू भी लंदन में है डॉक्टर डॉक्टर दंपती का बेटा डॉ. सौमित्र बनवीर और बहू डॉ. उपासना बनवीर भी लंदन में डॉक्टर हैं। जबकि बेटी शौकिता ठाकुर अपने पति कुणाल ठाकुर के साथ कनाडा में रहती है। 20 हजार से ज्यादा ऑपरेशन किए थे डॉ. बनवीर ने पोलियो करेक्शन के 20 हजार से ज्यादा ऑपरेशन किए थे। इस कारण कई दिव्यांग फिर चलने-फिरने लगे थे। वे समाजसेवा के कामों में भी जुड़े रहे। वे नारायण सेवा संस्थान, महावीर इंटरनेशनल जैसी स्वयंसेवी संस्थाओं से भी जुड़े थे।