डूंगरपुर जिले में भंडारी पंचायत समिति क्षेत्र के डूका ग्राम पंचायत में बीएलओ अशोक बारिया की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उप सरपंच पद पर चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हे तुरंत ही गुजरात के मोडासा अस्पताल लेकर गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका। वही बीएलओ की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। दरअसल ग्राम पंचायत डूका में 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समित सदस्य, 24 अक्टूबर को सरपंच और वार्डपंच पद के चुनाव हुए। बीएलओ अशोक कुमार बारिया (40) भी अपने ही पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर थे। 5 बेटियों के सिर से पिता का साया उठा: अशोक कुमार बारिया अपने परिवार के प्रमुख सहारे थे। उनकी 5 बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं है। परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। जिस पिता के सहारे बेटियों का भविष्य संवरना था, उनके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर से परिचितों और क्षेत्र में शोक का माहौल है। चुनाव ड्यूटी के दौरान टीचर की मौत की इस घटना ने हर किसी को सदमे में डाल दिया है।