डूंगरपुर नगरपरिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने डिस्कॉम अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की बिजली समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने झूलते तारों, टूटे खंभों और बार-बार कटौती जैसी समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। बैठक नगर परिषद कार्यालय में हुई। सभापति ने कहा कि तारों और खंभों की खराब स्थिति से आम लोगों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। उन्होंने विभाग से इन समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा, ताकि अप्रिय घटना की आशंका कम हो। सुशीला गुप्ता ने जोर दिया कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं देना नगर परिषद की प्राथमिकता है। अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता राजीव सिंह ने सभापति को भरोसा दिलाया कि बिजली व्यवस्था बेहतर बनाने कदम उठाए जाएंगे। बैठक में पार्षद हिमांशु भावसार, सूर्यवीर सिंह, माया सुथार, माया ननोमा, वर्षा चौबीसा, सुमित्रा जैन, नीता सोमपुरा, भूपेंद्र पालीवाल शामिल थे। डिस्कॉम के सहायक अभियंता राजीव सिंह, कनिष्ठ अभियंता हितेश मीणा और प्रियंका मीणा भी मौजूद रहे।