डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के खरवर खुनियां गांव में खेत की ओर जाते समय एक किसान अचानक गिरकर बेहोश हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डूंगरपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चौरासी थाने के एएसआई ईश्वरलाल ने बताया कि खरवर खुनियां निवासी शांतिलाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार शांतिलाल का बेटा लक्ष्मण घर के पास ही खेत की ओर जा रहा था, तभी वह अचानक गिर गया। गिरने से लक्ष्मण के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत एक निजी वाहन से उसे डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान लक्ष्मण ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।