डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र के डोलवर निचली गांव में कृषि कार्य के दौरान बिजली का करंट लगने से एक 40 वर्षीय किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में डोलवर निचली निवासी नाना रोत ने बताया कि उनका पुत्र कालुराम अपने घर के पास स्थित खेतों में फसलों को पानी पिलाने गया था। खेत में मूंग और बाजरा की फसल बोई हुई थी। सिंचाई के लिए जब कालुराम कुएं पर लगी मोटर को चालू करने के लिए स्टार्टर के पास पहुंचा, तो उसे अचानक बिजली का जोरदार करंट लगा। करंट लगने से कालुराम वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण कालुराम को निजी वाहन से इलाज के लिए जिला अस्पताल डूंगरपुर ले गए। वहां मौजूद डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।