डूंगरपुर जिले में 2 अलग-अलग स्थानों पर भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। कोतवाली थाने के पीछे कब्रिस्तान रोड और सागवाड़ा थाना क्षेत्र के भासौर गांव में ये भ्रूण बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों भ्रूणों को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान रोड पर भ्रूण मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए। पुलिस ने भ्रूण के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने भ्रूण को डूंगरपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया। मंदिर पास नाली में मिला दूसरी घटना सागवाड़ा थाना क्षेत्र के भासौर गांव में सामने आई। सागवाड़ा थाने के सीआई मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें टेलीफोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि भासौर गांव में लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास एक नाली में भ्रूण पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचायत के सदस्यों की मौजूदगी में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पंचनामा तैयार कर भ्रूण को कब्जे में लिया। इसके बाद भ्रूण को सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, यह भ्रूण 4 से 5 महीने का था। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह भ्रूण किसका है और किन परिस्थितियों में इसे यहां छोड़ा गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ हाल ही में प्रसव कराने वाली महिलाओं और गर्भवती महिलाओं का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि दोषियों का पता लगाया जा सके।