डूंगरपुर जिले में मंगलवार को 'ग्राम रथ अभियान' का शुभारंभ हुआ। प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने 4 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 4 ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 15 दिनों तक चारों विधानसभा क्षेत्रों की पंचायतों में सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा। मंत्री खराड़ी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों और पशुपालकों को सशक्त बनाना है। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए राजस्थान सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुंचाना है। हर ग्राम पंचायत में करीब 1 घंटा रूकेगी मोबाइल वैन ग्राम रथों द्वारा प्रत्येक विधानसभा की 4-5 ग्राम पंचायतों में लगभग एक-एक घंटे के वीडियो और ऑडियो संदेशों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग सहित कुल 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी जाएगी। सुझाव पेटिका भी लगाई ग्राम रथों में सुझाव पेटिका का भी प्रावधान किया गया है, जिसके माध्यम से स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याओं और उत्कृष्ट सुझावों को राज्य सरकार तक पहुंचा सकते हैं। प्रतिदिन विश्राम स्थल पर आयोजित होने वाली 'संध्या चौपाल' इस अभियान का एक प्रमुख आकर्षण रहेगी। सर्किट हाउस से ग्राम रथों की रवानगी के दौरान सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, कलेक्टर देशलदान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।