डूंगरपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन स्वच्छता' के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान 2 कारों से 54 कार्टन अवैध शराब जब्त की। हालांकि शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे। बिछीवाड़ा थाने के सीआई कैलाश सोनी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध शराब की खेप गुजरात ले जाने की तैयारी है। इस सूचना पर पुलिस ने बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के तलैया गांव के पास नाकेबंदी की। नाकेबंदी के दौरान 2 तेज रफ्तार कारें आती दिखीं। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्करों ने नाकेबंदी तोड़ दी और कारें भगा ले गए। पुलिस ने तुरंत पीछा किया। अंधेरे का फायदा उठाकर भाग छूटे तस्कर खुद को घिरा देख तस्करों ने तलैया गांव की गलियों में अपनी दोनों कारें छोड़ दीं और अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तस्करों की तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। लावारिस मिली कारों की तलाशी लेने पर उनमें 54 कार्टन राजस्थान निर्मित शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।