डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के खड़गदा गांव में चोरों ने आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर और 2 सूने मकानों को निशाना बनाया। इस चोरी की वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। चोरों ने सबसे पहले जैन मंदिर के ताले तोड़े और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने प्रदीप द्विवेदी के दो खाली मकानों में सेंधमारी की। मकानों के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे और अलमारियों के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया। पुलिस जुटी मामले की जांच में पीड़ित के अनुसार उनके घर से लगभग 26 हजार रुपए नकद और कुछ चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही जैन समाज के चांदमल जैन, नवीन जैन, रितेश जैन, रोहित जैन और रजनीकांत द्विवेदी सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी जैन मंदिर को नुकसान पहुंचाने और सूने मकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इस बार पुलिस ने मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि चोरों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वे आंदोलन करेंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।