डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित बुवेला गांव में जमीन विवाद को लेकर एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। बुवेला निवासी भोगीलाल पुत्र हाजा डामोर और उसके छोटे भाई छोटेलाल डामोर के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई छोटेलाल ने अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया। पीछे से हमला कर फोड़ा सिर घटना के समय भोगीलाल अपने घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित खेत पर गया था। तभी छोटेलाल वहां पहुंचा और धारदार हथियार से भोगीलाल के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। हमले के बाद भोगीलाल वहीं गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। परिजन ने पहुंचाया अस्पताल चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल भोगीलाल को तुरंत एक निजी वाहन से डूंगरपुर जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल भोगीलाल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आरोपी छोटे भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।