डूंगरपुर जिले में रविवार को एलडीसी भर्ती परीक्षा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 34 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 2 पारियों में आयोजित की गई। कुल 11,064 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से पहली पारी में 9,599 अभ्यर्थी शामिल हुए और 1,465 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए सुबह 7:30 बजे से परीक्षा केंद्रों के गेट खोल दिए गए। अभ्यर्थियों को त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही केंद्रों में प्रवेश मिला। पुलिस और परीक्षा कार्मिकों ने प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन जांच की। महिला अभ्यर्थियों के दुपट्टे उतरवाकर निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया। पहली पारी की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले सुबह 8:30 बजे, सभी परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए थे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। दूसरी पारी का एगजाम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक पहली पारी समाप्त होने के बाद दूसरी पारी की तैयारियां शुरू हुईं। दूसरी पारी के लिए दोपहर 1 बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हुआ, जिसे दोपहर 2 बजे बंद कर दिया गया। दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जा रही है। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया था। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी रखी गई, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।