डूंगरपुर जिले में VB-G RAM G (विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) योजना का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। यह योजना जिला और सभी उपखंड स्तरों पर आयोजित कार्यक्रमों के साथ शुरू हुई। जिला स्तरीय कार्यक्रम पंचायत समिति डूंगरपुर की ग्राम पंचायत गड़ा मौरया में कच्चे चेकडैम निर्माण कार्य से प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व सांसद कनकमल कटारा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल (रणोली) और बंशीलाल कटारा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद थे। अब 125 दिन मिलेगा रोजगार पूर्व सांसद कटारा ने बताया कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से वीबी-जीराम जी योजना लागू की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी विकास कार्य कराए जाएंगे। योजना के माध्यम से मनरेगा के तहत ग्रामीणों को अब 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। श्रमदान कर चेकडैम निर्माण कार्य का शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत कार्यस्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। अतिथियों ने श्रमदान कर चेकडैम निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान श्रमिकों ने उपर्णा ओढ़ाकर अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। समारोह को समाजसेवी अशोक पटेल, बंशीलाल कटारा, निवर्तमान सभापति अमृतलाल कलासुआ, मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, अधिशासी अभियंता महेश ओझा और महेश पाटीदार ने भी संबोधित किया। पर्यावरण संरक्षण का ​दिया संदेश कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसी क्रम में जिले के सभी उपखंडों में भी विकसित भारत जीराम जी योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां ग्रामीणों को योजना की जानकारी और इसके लाभों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर समाजसेवी पंकज जैन, ईश्वर लबाना, राजेश पाटीदार, हसमुख पंड्या, परियोजना समन्वयक अनिल पहाड़िया, विकास अधिकारी प्रवीण सिंह राव सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे