डूंगरपुर जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने मनरेगा कार्यों के समय में बदलाव किया है। जिला कलेक्टर देशलदान की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अब मनरेगा के तहत सभी कार्य सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक (विश्राम काल सहित) संचालित किए जाएंगे। यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और 15 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई श्रमिक समूह निर्धारित समय से पहले अपना कार्य पूरा कर लेता है, तो कार्य का निर्धारित मापदंड पूरा होने और उपस्थिति दर्ज होने के बाद वे कार्यस्थल छोड़ सकते हैं। इस प्रावधान से श्रमिकों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और कार्य सुचारू रूप से जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को मनरेगा कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए पेयजल, छाया और प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कार्यस्थलों की नियमित निगरानी कर श्रमिकों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। प्रशासन ने बताया कि यह निर्णय श्रमिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि वे तेज गर्मी में सुरक्षित रहते हुए अपना कार्य कर सकें।