डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के रोहनवाड़ा गांव में 17 साल की नाबालिग ने पशुघर (बाड़े) में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना के समय माता-पिता खेत में काम कर रहे थे, जबकि नाबालिग घर पर अकेली थी। छोटी बहन की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर सुसाइड के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कैसे सामने आई घटना सदर थाने के एएसआई कांतिलाल ने बताया कि रोहनवाड़ा निवासी सोमेश्वर अहारी की रिपोर्ट के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर में वह और उनकी पत्नी खेत में काम कर रहे थे। उनकी बेटी रीना घर पर अकेली थी। इसी दौरान छोटी बेटी जानवी घबराई हुई खेत पहुंची और बताया कि रीना ने पशुघर में फांसी लगा ली है। मौके पर मचा हड़कंप सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। वहां रीना फंदे से लटकी हुई मिली। सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल सुसाइड के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।