डूंगरपुर शहर में नगर परिषद ने आवासीय भूखंडों पर बिना अनुमति चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को बादल महल रोड पर एक आवासीय भूखंड का व्यावसायिक उपयोग करने पर उसे सीज कर दिया गया। मौके पर नोटिस भी लगाया गया है। सभापति सुशीला गुप्ता के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक हितेश रोत की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि आवासीय भूखंड पर बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधि चल रही थी। इसके बाद टीम ने गतिविधि बंद कराकर भूखंड को सीज कर दिया। सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि आवासीय भूखंडों पर बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां चलाना नियमों के खिलाफ है। नगर परिषद ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई करेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे भूखंडों का उपयोग नियमों के अनुसार ही करें और बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां न चलाएं।