डूंगरपुर नगर परिषद की सभापति सुशीला गुप्ता ने आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए निशुल्क कोचिंग कक्षाएं शुरू की हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ये कक्षाएं नगर परिषद के सुंदर सिंह भंडारी सभागार में शुरू हुईं। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर के.के. गुप्ता, सभापति सुशीला गुप्ता और उपसभापति अनिल पटेल ने किया। इस मौके पर कई पार्षद और युवा मौजूद थे। सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण कई प्रतिभावान युवा महंगी निजी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते। ऐसे युवाओं को सरकारी सेवा में मौका देने के लिए यह कोचिंग शुरू हुई है। पहले चरण में दिसंबर में होने वाली सीईटी परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी। सभापति ने कहा कि भविष्य में अन्य सरकारी भर्तियों के लिए भी निशुल्क कक्षाएं चलाई जाएंगी। मुख्य अतिथि के.के. गुप्ता ने सभापति की इस पहल की तारीफ की। उन्होंने युवाओं से इस सुविधा का लाभ उठाने और लगन से पढ़ाई कर अपने सपनों को पूरा करने को कहा।