डूंगरपुर नगर परिषद ने सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर लगाए। बुधवार को एक शिविर में पात्र परिवारों को लंबित पट्टे, नामांतरण और उपविभाजन के दस्तावेज सौंपे गए। लंबे समय से काम पूरे होने का इंतजार कर रहे लाभार्थियों को राहत मिली। उन्होंने नगर परिषद का आभार जताया। शिविर में सभापति सुशीला गुप्ता, उपसभापति अनिल पटेल और आयुक्त ललित सिंह देथा मौजूद थे। इस दौरान लंबित फाइलों को जल्द निपटाने और लोगों को अच्छी सुविधाएं देने की बात कही गई। सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि परिषद का लक्ष्य आमजन का विश्वास जीतना और समस्याओं का समय पर समाधान करना है। 'जीरो पेंडेंसी' पर काम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों के लंबित मामलों को निपटाने के लिए अवकाश के दिनों में भी काम हो रहा है। राज्य सरकार की मंशा के अनुसार, सेवा सेतु अभियान से पात्र लोगों को लाभ मिल रहा है।