डूंगरपुर नगर परिषद द्वारा आयोजित 'शहरी सेवा शिविर' आमजन को त्वरित राहत प्रदान कर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों के कार्य तुरंत निपटाए जा रहे हैं, जिससे परिषद को भी राजस्व प्राप्त हो रहा है। परिषद अब तक कुल 15 सफल शिविरों का आयोजन कर चुकी है। इन शिविरों में पट्टे जारी करने, नामांतरण और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया गया है। उदयपुर संभाग में ऑनलाइन पट्टा निस्तारण के मामले में डूंगरपुर नगर परिषद पहले स्थान पर है। नगर परिषद डूंगरपुर के आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे शहरी सेवा शिविर अभियान में आमजन के कार्यों को मौके पर ही निपटाकर राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक आयोजित 15 कैंपों में जनहित के कार्यों का बड़े पैमाने पर निस्तारण किया गया है। शिविरों के दौरान विभिन्न प्रकार के 186 पट्टे जारी किए गए हैं और 117 नामांतरण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। उपविभाजन और एकीकरण के 37 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 63 भवन निर्माण अनुमतियां जारी की गईं। इसके अतिरिक्त 50 संपत्तियों से यूडी टैक्स एकत्र किया गया है और 12 फायर एनओसी जारी की गई हैं। जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीकरण के लगभग 747 प्रमाण पत्र भी इन कैंपों के माध्यम से जारी कर आमजन को राहत प्रदान की गई है। सरकारी योजनाओं का मिला सीधा लाभ शिविरों में केवल निकाय स्तर के काम ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वनिधि योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया जा रहा है | पीएम आवास योजना (2.0) के तहत 16 लाभार्थियों को दूसरी किस्त और 8 लाभार्थियों को तीसरी किस्त जारी की जा चुकी है। पीएम स्वनिधि योजना में स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यापारियों को संबल देने के लिए 71 नए आवेदन भरवाए गए हैं। वहीं, बैंकों के समन्वय से 35 आवेदकों को लोन राशि वितरित की जा चुकी है। गाड़िया लोहार व घुमंतु वर्ग को निशुल्क पट्टे नगरपरिषद आयुक्त डूडी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप, घुमंतु, अर्ध-घुमंतु और गाड़िया लोहार वर्ग के परिवारों का सर्वे कर उन्हें निशुल्क पट्टे देने की कार्रवाई गति पकड़ रही है। चिन्हित 13 आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन कराए गए, जिनमें से 8 प्रकरणों को एम्पावर्ड कमेटी के समक्ष रखकर निशुल्क पट्टे वितरित कर दिए गए हैं। शेष 4 आवेदकों के लिए भी जल्द ही कमेटी की बैठक बुलाकर पट्टे जारी करने की अनुशंसा की जाएगी। ऑनलाइन पट्टा निस्तारण में डूंगरपुर संभाग में नंबर-1 स्वायत्त शासन विभाग द्वारा 12 जून से अब तक की गई समीक्षा के अनुसार डूंगरपुर नगर परिषद ने ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने जैसे 90A, लीज डीड पोर्टल, म्यूटेशन, एसजीआरसी, बीपीएस, यूडी टैक्स, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस आदि के मामले में प्रदेश के कुल 308-309 नगरीय निकायों में 11वां स्थान हासिल किया है। वहीं, पूरे उदयपुर संभाग में ऑनलाइन पट्टों के डिस्पोजल (निस्तारण) के मामले में डूंगरपुर परिषद प्रथम स्थान पर बनी हुई है। शहरी सेवा शिविर अभियान के तहत 15 जुलाई तक 5 और कैंप आयोजित होने शेष हैं। परिषद प्रशासन इन आगामी शिविरों में कार्यों की गति को और तेज कर राजस्थान के 'टॉप-10' निकायों में शामिल होने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों ने शहरवासियों से राज्य सरकार द्वारा दी जा रही इन विशेष छूटों और सुविधाओं का समय रहते अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है |