डूंगरपुर में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार रात को डूंगरपुर में गरबा की धूम रही। शहर से लेकर गांवों तक गरबा पांडाल रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे। देवी मंदिरों और शक्ति पीठों में माता की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद माता की आरती उतारी गई। आरती के बाद गरबा पांडालों में डांडिया की धूम शुरू हो गई। शहर के हाउसिंग बोर्ड, न्यू कॉलोनी अंबे माता, फौज का बडला, सोनिया चौक, शास्त्री कॉलोनी और पत्रकार कॉलोनी सहित कई जगह गरबा में लोगों का उत्साह देखने को मिला। रात होते ही पांडालों में भीड़ जुटने लगी। महिलाएं, युवतियां, बच्चे और युवा नए-नए कपड़े पहनकर गरबा खेलने पहुंचे। युवतियों और युवाओं ने डांडिया खेलकर लिया आनंद डीजे पर गुजराती गरबा गीतों की धुनें गूंजने लगीं तो लोग डांडिया खेलने में जुट गए। गरबा पांडालों में कहीं महिलाएं समूह में गरबा करती नजर आईं तो कहीं युवतियों और युवाओं ने डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया। आकर्षक रोशनी और संगीत के बीच देर रात तक गरबा की रौनक बनी रही। नवरात्र को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। शाम होते ही लोग तैयार होकर गरबा पांडालों में पहुंचने लगे। माता की भक्ति के साथ गरबा खेलने का उत्साह भी दिखाई दिया। शहर की कॉलोनियों में गरबा गीतों की गूंज और डांडिया की खनक से माहौल उत्सवी हो गया।